Friday, November 27, 2026

यहां घर से जेवर लेकर पिता फरार, सोते हुए बेटे की हत्या

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। इंदिरा कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के बाद पिता के हमले में गंभीर रूप से घायल बेटे की उपचार के दौरान मौत हो गई। हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में युवक ने दम तोड़ दिया। आरोप है कि पिता ने सोते समय बेटे के सिर पर लोहे की सब्बल से ताबड़तोड़ कई वार किए थे। घटना के बाद से आरोपी पिता फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

इंदिरा कॉलोनी गली नंबर पांच निवासी अनिल कुमार (28) पर 22 नवंबर की शाम करीब छह बजे हमला किया गया था। वह घर में सो रहा था। इसी दौरान उसके पिता सुरेश कुमार ने कथित तौर पर लोहे की सब्बल से उसके सिर पर कई वार कर दिए। हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया था। सिर से काफी खून बहने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अनिल के छोटे भाई विक्की ने पुलिस को दी तहरीर में पिता पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया था। साथ ही आरोप लगाया था कि वारदात के बाद सुरेश घर में रखे 50 से 60 हजार रुपये नकद, दो तोला सोना और 100 ग्राम चांदी लेकर फरार हो गया। घर में तोड़फोड़ करने और सिलिंडर में आग लगाने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया गया था।

अनिल तीन भाइयों में बड़ा था और उसकी दो बहनें हैं। वह शादी-विवाह समारोहों में फोटोग्राफर का काम कर परिवार का हाथ बंटाता था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि आरोपी सुरेश कुमार के खिलाफ पहले प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घायल की उपचार के दौरान मौत होने के बाद आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.