Thursday, November 19, 2026

कृषि क्षेत्र को मजबूती,किसानों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि, मंडी परिसरों में बनेंगे हाईटैक शौचालय व 366 नए संपर्क मार्ग

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को उत्तराखण्ड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड रुद्रपुर में मंडी सचिवों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। उसके उपरांत कैबिनेट मंत्री ने किसानों व कृषि क्षेत्र से जुड़ी जानकारी मीडिया के साथ साझा की।

प्रेस वार्ता में किसानों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि प्रथम प्रोत्साहन राशि ₹25 हजार, द्वितीय प्रोत्साहन राशि ₹15 हजार तथा तृतीय प्रोत्साहन राशि ₹10 हजार निर्धारित की गई है। साथ ही किसानों की समस्याओं को देखते हुए समस्त मंडी समिति परिसरों में हाईटैक शौचालय भी बनाए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि दुर्घटना सहायता राशि में बढ़ोतरी की गई है। इस वित्तीय सहायता योजना के अंतर्गत विगत पांच वर्षों में 35 किसानों को ₹36.50 लाख की सहायता प्रदान की जा चुकी है।

नई व्यवस्था के तहत कृषि कार्य करने के दौरान मृत्यु होने पर सहायता राशि ₹2.50 लाख के स्थान पर ₹3 लाख कर दी गई है। इसी प्रकार, दुर्घटना द्वारा दोनों हाथ/पैर या एक हाथ और एक पैर से दिव्यांग होने पर ₹1 लाख के स्थान पर ₹1.25 लाख, एक अंग से दिव्यांग होने पर ₹50 हजार के स्थान पर ₹75 हजार, एक हाथ की एक साथ चार अंगुलियों की क्षति होने पर ₹28 हजार के स्थान पर ₹35 हजार,एक साथ तीन अंगुलियों की क्षति होने पर ₹20 हजार के स्थान पर ₹25 हजार, एक हाथ के अंगूठे की क्षति होने पर ₹18 हजार के स्थान पर ₹21 हजार तथा अंगूठे को छोड़कर किसी भी एक या दो अंगुली की क्षति होने पर ₹3 हजार के स्थान पर ₹5 हजार की वृद्धि की गई है। इसके अतिरिक्त 400 आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में ₹2,500 की वृद्धि की गई है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कृषक उत्पादक क्षति सहायता योजना के अंतर्गत विगत पांच वर्षों में 98 किसानों को ₹16.00 लाख की सहायता प्रदान की जा चुकी है। सरकार ने कृषकों व व्यापारियों के हित के दृष्टिगत न्यूनतम समर्थन मूल्य के अंतर्गत क्रय किए जाने वाले गेहूं एवं धान पर मंडी शुल्क 2 प्रतिशत के स्थान पर 1.5 प्रतिशत कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों के उत्पादों को मंडी तक पहुंचाने के लिए1,248 संपर्क मार्गों का निर्माण किया गया है, साथ ही वर्तमान में 366 संपर्क मार्ग निर्माणाधीन हैं। उन्होंने कहा की नौगांव एवं मंगलौर में नई मंडी का निर्माण किया गया है जिसका जल्द ही शुभारंभ हो जाएगा।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रेस वार्ता में दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू,उप निदेशक मंडी कौस्तुभ मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.