भोंपूराम खबरी। कुमाऊं मंडल में हवाई सेवाओं के विस्तार और क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण ने पंतनगर एयरपोर्ट के प्रस्तावित विस्तार को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। करीब 375.33 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट के मौजूदा रनवे को 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर किया जाएगा। इससे भविष्य में बड़े विमानों के संचालन की संभावनाएं बढ़ेंगी और कुमाऊं क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए टर्मिनल भवन का भी निर्माण प्रस्तावित है। इस टर्मिनल की वार्षिक यात्री क्षमता करीब 10 लाख 10 हजार होगी। एयरपोर्ट के आधुनिक होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और हवाई यात्रा अधिक सुगम होने की उम्मीद है। परियोजना के पूरा होने के बाद कुमाऊं के प्रमुख पर्यटन स्थलों और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो सकेगी।





