भोंपूराम खबरी,किच्छा। छठ महापर्व के पावन अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ एवं किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं से मुलाकात की तथा उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया और व्रती माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट कर उनकी कुशलक्षेम जानी।
दोनों जनप्रतिनिधि उत्तरांचल कॉलोनी, नमक फैक्ट्री, शुगर फैक्ट्री, गोकुल नगर, आनंदपुर, राघव नगर, इंदरपुर, प्रतापपुर, कनकपुर, सुंदर कॉलोनी, नारायणपुर, गंगापुर एवं फूलसुंगा सहित विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना के साथ-साथ त्याग, तपस्या, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। व्रती माताओं एवं बहनों द्वारा पूरी श्रद्धा और कठिन तपस्या के साथ किए जाने वाले इस व्रत के प्रति मैं हृदय से सम्मान व्यक्त करता हूं।
उन्होंने कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र में सभी धर्मों एवं समुदायों के लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ अपने त्योहार मनाते हैं। यही हमारी गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता की पहचान है। क्षेत्रवासियों के बीच पहुंचकर उनकी खुशियों में शामिल होना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना हमेशा मेरी प्राथमिकता रही है।
विधायक ने छठी मैया से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी व्रती माताओं एवं बहनों की मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।





