भोंपूराम खबरी,धारचूला (पिथौरागढ़)। उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान शनिवार को जमकर हंगामा हुआ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में स्थानीय विधायक हरीश धामी को मंच से संबोधन का मौका नहीं मिलने पर विवाद खड़ा हो गया। सीएम धामी के कार्यक्रम से जाने के बाद विधायक जब मंच से अपनी बात रखने लगे तो कथित तौर पर उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे नाराज विधायक की अधिकारियों के साथ मंच पर तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई। इस कार्यक्रम की वीडियो सोशल मिडीया पर जमकर वायरल हो रही है जिसमे विधायक मंच से माइक फेंकते दिख रहे है।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देने की घोषणा की। लेकिन विकास योजनाओं की घोषणाओं के बीच मंच पर हुआ विवाद कार्यक्रम का प्रमुख चर्चा का विषय बन गया।
विधायक हरीश धामी का माइक बंद होने पर भड़का विवाद
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक हरीश धामी मंच पर पहुंचे और संबोधित करने लगे। इसी बीच उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे विधायक नाराज हो गए और मंच पर मौजूद अधिकारियों से उनकी तीखी बहस शुरू हो गई।
उनका कहना था कि क्षेत्र की जनता लबे समय से इन घोषणाओं के धरातल पर उतरने का इंतजार कर रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि उनकी बात सुने बिना ही मुख्यमंत्री कार्यक्रम से चले गए। विधायक की नाराजगी के बाद मंच पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
मंच पर तीखी बहस, कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था
विवाद बढ़ने के दौरान अधिकारियों और विधायक के बीच तीखी बहस हुई। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि, इस दौरान गाली-गलौज और तोड़फोड़ की स्थिति भी बनी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल रहा।
हालाँकि इस पुरे घटनाक्रम पर अब लोगो की अलग अलग प्रतिक्रियाएं आ रही है, कुछ लोग मंच पर बोलने का मौका न मिलने को लेकर विधायक का समर्थन कर रहे है तो वही कुछ लोग विधायक के अशोभनीय व्यवहार पर सवाल उठा रहे है।
छह साल बाद तिब्बती सामान की दुकानें लगने की उम्मीद
जौलजीबी मेला भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित होने वाला ऐतिहासिक व्यापारिक और सांस्कृतिक मेला है। इस बार छह साल बाद मेले में तिब्बती सामान की दुकानें लगने की उम्मीद से आयोजन को लेकर खास उत्साह था।
मुख्यमंत्री की ओर से 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की घोषणा के बीच विधायक और अधिकारियों के बीच हुआ विवाद अब चर्चा का विषय बन गया है





