भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। राजकुमार जौहरी हत्याकांड को लेकर जगतपुरा क्षेत्र में लोगों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। घटना से गुस्साए परिजनों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी सड़क पर धरने पर बैठ गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक शिव अरोरा मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसडीएम रुद्रपुर और एसपी सिटी भी मौजूद रहे।
धरने पर बैठे परिजनों से विधायक शिव अरोरा ने बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर उनकी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता हुई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। विधायक ने कहा कि हत्याकांड में शामिल एक-एक आरोपी को कानून के दायरे में लाकर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। पीड़ित परिवार जिस प्रकार की कठोर कार्रवाई चाहता है, उसके अनुरूप नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी अपराधी को राजनीतिक संरक्षण या किसी अन्य माध्यम से बचने नहीं दिया जाएगा।
जगतपुरा में इस कार्रवाई के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण रहा। एक ओर परिजन न्याय की मांग को लेकर धरने पर डटे रहे, वहीं दूसरी ओर प्रशासन की जेसीबी कार्रवाई से लोगों में यह संदेश गया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है, सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्य कर रही है।
विधायक शिव अरोरा की तत्परता के बाद मौके पर तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिली।
इस दौरान पार्षद कुसुम शर्मा, राधेश शर्मा, निमित शर्मा, मनोज मदान, तरुण दत्ता, धीरेन्द्र मिश्रा, सुनील सिंह, सुनील यादव आदि लोग मौजूद रहे।





