Friday, November 13, 2026

जगतपुरा में मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप, जिला अस्पताल में चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर राजकुमार जौहरी की हत्या, अस्पताल पहुंचे विधायक शिव अरोरा ने परिजनों को बंधाया ढांढस

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। जगतपुरा क्षेत्र में दो व्यवसायियों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब विवाद के चलते राजकुमार जौहरी की जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस जघन्य वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।

जगतपुरा में मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप, जिला अस्पताल में चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर राजकुमार जौहरी की हत्या, अस्पताल पहुंचे विधायक शिव अरोरा ने परिजनों को बंधाया ढांढस

मृतक के करीबियों ने बताया जगतपुरा में राजकुमार जौहरी और अमन प्रजापति के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इस दौरान राजकुमार जौहरी की दुकान पर कार्य करने वाले एक कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई थी। कर्मचारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। आरोप है कि इसी विवाद ने अस्पताल परिसर में हिंसक रूप ले लिया और दूसरे पक्ष की ओर से धारदार हथियार से राजकुमार जौहरी पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक शिव अरोरा जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुखद घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। विधायक ने मौके पर मौजूद पुलिस के आला अधिकारियों से वार्ता कर घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा आरोपियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

 

विधायक शिव अरोरा ने घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह हृदयविदारक घटना मन को झकझोर देने वाली है। मामूली कहासुनी में इस प्रकार किसी की जान ले लेना बेहद गंभीर और निंदनीय अपराध है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस जघन्य वारदात में शामिल एक-एक दोषी को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा। कोई भी आरोपी पुलिस की कार्रवाई से बच नहीं पाएगा और सभी दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना को अंजाम देने वालों को ऐसा कड़ा सबक सिखाया जाएगा कि भविष्य में कोई भी कानून व्यवस्था को चुनौती देने का दुस्साहस न कर सके।

 

विधायक ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.