भोंपूराम खबरी,रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में बीएस-एमएस कार्यक्रम के द्वितीय वर्ष के छात्र आयुष राजोरिया की असामयिक मौत से संस्थान में शोक की लहर है। बृहस्पतिवार रात हुई इस घटना के बाद संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और संस्थान के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मौके पर मौजूद आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने जांच के बाद छात्र की मौत करीब पांच से छह घंटे पहले होने की जानकारी दी। क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पांडेय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लैपटॉप की जांच की और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई। इसके अलावा फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस के अनुसार, परिजनों के पहुंचने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आईआईटी रुड़की के गणित एवं कंप्यूटिंग विभाग के बीएस-एमएस कार्यक्रम के द्वितीय वर्ष के छात्र आयुष राजोरिया के असामयिक निधन पर संस्थान ने गहरा दुख व्यक्त किया है। संस्थान की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है और संस्थान जांच में अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहा है। साथ ही आयुष के परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संस्थान प्रतिबद्ध है।




