Thursday, November 12, 2026

शॉर्ट सर्किट से किसान नरेंद्र ठुकराल के साढ़े सात एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख, राजेश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,किच्छा। ग्राम महाराजपुर निवासी किसान एवं किसान सेवा सहकारी समिति नारायणपुर के चेयरमैन तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र ठुकराल के खेत में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते खेत में खड़ी करीब साढ़े सात एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। इस अग्निकांड में किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

शॉर्ट सर्किट से किसान नरेंद्र ठुकराल के साढ़े सात एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख, राजेश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

 

घटना की सूचना मिलने पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित किसान नरेंद्र ठुकराल से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने खेत में जली हुई फसल का जायजा लेते हुए आग लगने के कारणों तथा हुए नुकसान के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मौके से ही अधिशासी अभियंता विद्युत संजय तिवारी एवं शुगर फेडरेशन उत्तराखंड के प्रबंध निदेशक विजय पांडे से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को घटना की गंभीरता से अवगत कराते हुए पीड़ित किसान को नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही फसल के नुकसान का उचित आकलन कराने और किसान को हरसंभव सहयोग प्रदान करने की बात कही।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल तैयार करता है। साढ़े सात एकड़ में खड़ी गन्ने की फसल का इस प्रकार जलकर नष्ट हो जाना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। यह केवल फसल का नुकसान नहीं, बल्कि किसान की महीनों की मेहनत और उसकी आर्थिक उम्मीदों को लगा बड़ा झटका है। कहा कि प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार किसानों के हितों और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। किसी भी आपदा या दुर्घटना के कारण किसान को नुकसान उठाना पड़े, तो उसे राहत दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले में संवेदनशीलता के साथ तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

पूर्व विधायक ने नरेंद्र ठुकराल को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे उनके साथ खड़े हैं और संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उन्हें हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान नारायण पाठक, मुलखराज ठुकराल, शिवा ठुकराल, पंकज ठुकराल, दीपक मिश्रा, अंकित पाठक, अभिषेक तिवारी, संजय विश्वास उपस्थित थे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.