Saturday, October 24, 2026

भगत सिंह चौक पर कांग्रेस प्रभारी शैलजा द्वारा माल्यार्पण से इनकार को बताया शर्मनाक, विधायक शिव अरोरा बोले शहीदों का अपमान के लिये उत्तराखंड की जनता कांग्रेस को माफ नहीं करेगी

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। रुद्रपुर पहुंची कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान शहर के मुख्य बाजार स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह चौक पर हुए घटनाक्रम को लेकर विधायक शिव अरोरा ने कांग्रेस और प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा पर तीखा हमला बोला है। विधायक ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण से इनकार किए जाने के घटनाक्रम को बेहद शर्मनाक और निंदनीय करार देते हुए कहा कि उत्तराखंड और रुद्रपुर की जनता शहीदों के अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भगत सिंह चौक रुद्रपुर की पहचान और शहरवासियों की भावनाओं से जुड़ा पवित्र स्थल है। ऐसे महान क्रांतिकारी, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण से इनकार करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान सामने आए इस घटनाक्रम ने कांग्रेस की शहीदों के प्रति सोच पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

‘जिस चौक की भव्यता पर आज गर्व, वहां पहले गंदगी और बदहाली थी’

विधायक ने भगत सिंह चौक के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले इस स्थल पर गंदगी और बदहाली का आलम था। विधायक बनने के बाद उन्होंने चौक के सौंदर्यीकरण और शहीद भगत सिंह की आदमकद कांस्य प्रतिमा स्थापित कर इसे भव्य स्वरूप देने का संकल्प लिया। आज चौक की सुंदरता और भव्यता शहरवासियों के सामने है।

उन्होंने कहा कि भगत सिंह का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। ऐसे महापुरुष की प्रतिमा के समक्ष सम्मान प्रकट करने से इनकार करना अत्यंत निंदनीय है। कांग्रेस नेताओं को इस घटना पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के स्थानीय नेता शैलजा से माल्यार्पण का आग्रह करते रहे, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। विधायक ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में यह घटनाक्रम दिखाई दे रहा है, स्थिति ऐसी रही रुद्रपुर के नेता के बहुत कहने के बाद मात्र सिर्फ माला पर हाथ लगाया आखिर यह किस मानसिकता को दर्शाता है कांग्रेस पार्टी व राहुल गाँधी जो सविधान ओर लोकतंत्र की जगह जगह बात करते है आखिर शहीदों का यह अपमान पर उनको जवाब देना चाहिए।

न्याय यात्रा पर उठाए सवाल, जनता को गुमराह करने का आरोप

शिव अरोरा ने रुद्रपुर में कांग्रेस की न्याय यात्रा को फ्लॉप शो करार देते हुए कहा कि यात्रा के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नए नए कांगेसी बने स्थानीय नेता अपेक्षित जनसमर्थन जुटाने में असफल रहे और यात्रा में 100 लोगों की संख्या भी नहीं जुटा पाए। जो बताता है रुद्रपुर या पूरे उत्तराखंड की बात करे जनता कांग्रेस के साथ नहीं है।

विधायक ने कहा कि एक ओर कांग्रेस न्याय यात्रा निकालकर न्याय की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के सम्मान से जुड़ा ऐसा घटनाक्रम सामने आ रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि शहीदों के नाम पर राजनीति करने के बजाय उनके आदर्शों और बलिदान का सम्मान करें।

‘देवभूमि की जनता भाजपा और धामी सरकार के साथ’

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर से जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेगी और उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

विधायक ने कहा कि रुद्रपुर और उत्तराखंड की जनता शहीद भगत सिंह के सम्मान से जुड़े इस घटनाक्रम को याद रखेगी और कांग्रेस को इसका राजनीतिक जवाब देगी।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.