Friday, October 16, 2026

यहां गंगा नदी में नाव पलटने से 14 लोगों की मौत, हाजीपुर में बड़ा हादसा

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार देर शाम 20 से अधिक लोगों को ले जा रही एक नाव के पलट जाने से कम से कम 12 व्यक्तियों की डूबकर मौत हो गई। मृतकों में अधिकतर बच्चे शामिल हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

तिरहुत रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) चंदन कुमार कुशवाहा ने बताया कि गोताखोरों की मदद से चार लोगों को बचा लिया गया है। स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा प्रबंधन बल की टीम की मदद से राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

कुशवाहा ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘सूचना मिलने के बाद मैं मुजफ्फरपुर स्थित प्रमंडलीय मुख्यालय से घटनास्थल पर पहुंचा। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभंकर मिश्रा की निगरानी में बचाव अभियान जारी है। अब तक 12 शव बरामद किए गए हैं और चार लोगों को बचाया गया है। बचाव अभियान जारी है।’’

राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेजस्वी यादव ने दावा किया कि नाव पर करीब 30 लोग सवार थे और हादसे में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता यादव ने दिल्ली से जारी एक वीडियो बयान में कहा कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में आयोजित प्रदर्शनों के सिलसिले में दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने स्थानीय प्रशासन से बात की और मुझे जानकारी मिली कि 14 शव बरामद किए गए हैं। नाव पर करीब 30 लोग सवार थे।’’

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हादसे में ‘‘निर्दोष लोगों की जान जाने’’ पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के निकटतम परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की।

इस बीच, हादसे के बाद रामपुर श्यामचंद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। नाव पर सवार ज्यादातर लोग इसी गांव के रहने वाले थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव पर सवार लोग पास के एक गांव में आयोजित भोज में शामिल होने गए थे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.