भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में 14 से 16 सितंबर तक आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी, खेल महाकुंभ 2026 के अंतर्गत राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में उत्तराखण्ड के सभी जनपदों से अंडर-14, अंडर-19 बालक एवं बालिका तथा अंडर-25 बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और योगासन की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में लगभग 300 से 400 बच्चों ने प्रतिभाग किया। इस प्रतियोगिता में उधम सिंह नगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।
जानकारी देते हुए योगा कोच मंजू राणा ने बताया कि अंडर-14 आर्टिस्टिक पेयर बालक वर्ग में उदित भट्ट व देवेश सिंह बिष्ट की जोड़ी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता, वहीं अंडर-19 आर्टिस्टिक सिंगल बालक वर्ग में हार्दिक सिंह बिष्ट ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया और अंडर-19 आर्टिस्टिक सिंगल बालिका वर्ग में तनिष्का सांगवान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता खिलाड़ियों में उदित भट्ट, देवेश सिंह बिष्ट और हार्दिक सिंह बिष्ट रुद्रपुर के जेसीज पब्लिक स्कूल के छात्र हैं जबकि तनिष्का सांगवान आर.ए.एन. स्कूल की छात्रा हैं। सरकार की ओर से प्रोत्साहन के तौर पर खिलाड़ियों को ट्रैक सूट, टी शर्ट, खेल सामग्री, जूते-मोजे व आने-जाने का भत्ता भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जेसीज पब्लिक स्कूल के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत, वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषि पाल भारती, जिला डीएसओ श्रीमती जानकी कार्की सहित अनेकों गणमान्य लोगों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।




