Friday, April 24, 2026

कल्याणी नदी में युवक का शव मिलने से सनसनी

Share

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। किच्छा बाईपास मार्ग पर रविन्द्र नगर स्थित छठ पूजा स्थल के पास कल्याणी नदी में रविवार को एक युवक का शव पाये जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव नदी से बाहर निकलवाकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया। बाद में मृतक की पत्नी पिंकी कश्यप ने उसकी पहचान रॉक जम वाली गली ट्रांजिट कैम्प निवासी अपने पति 38 वर्षीय सोनू कश्यप पुत्र रेवीराम कश्यप मूल निवासी ग्राम साहपुर तहसील बिसौली, बदायूं के रूप में की।

जानकारी के अनुसार आज प्रातः करीब 7 बजे छठ पूजा स्थल के पास गुजरते लोगों ने कल्याणी नदी में एक युवक का शव तैरता देखा। शव मिलने की खबर मिलते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। घटना की सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैम्प कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव नदी से बाहर निकलवाया। वहां मौजूद लोगों में कोई भी मृतक युवक की शिनाख्त नहीं कर पाया। बाद में मामले की सूचना मिलने पर पहुंची मृतक की पत्नी ने उसकी शिनाख्त की। पिंकी ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और बीमारी के कारण उसे दौरे भी पड़ते थे। उसका कहना था कि पति सोनू कश्यप 18 अप्रैल से घर नहीं आया था। जिसकी सूचना उसने ट्रांजिट कैम्प कोतवाली में दी थी। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। जिनके आने पर पंचनामे की कार्रवाई की जायेगी। मृतक सोनू कल्याणी नदी में कैसे पहुंचा पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।

Read more

Local News

Translate »