Sunday, October 25, 2026

अदाणी समूह 820 करोड़ रुपये में पायलट प्रशिक्षण कंपनी एफएसटीसी का अधिग्रहण करेगा

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। अदाणी समूह ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह पायलट प्रशिक्षण से जुड़ी कंपनी फ्लाइट सिम्युलेशन टेक्निक सेंटर (एफएसटीसी) में 72.8 प्रतिशत हिस्सेदारी का 820 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करने जा रही है।

अदाणी एंटरप्राइजेज के पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी अदाणी डिफेंस सिस्टम्स एंड टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (एडीएसटीएल) और होराइजन एयरो सॉल्यूशंस लिमिटेड (एचएएसएल) ने इस आशय के हिस्सेदारी खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

एचएएसएल में भी एडीएसटीएल की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी है जबकि शेष हिस्सेदारी प्राइम एयरो सर्विसेज के पास है।

समूह ने बताया कि यह हिस्सेदारी खरीद समझौता एफएसटीसी के 820 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर आधारित है।

एफएसटीसी देश के प्रमुख पायलट प्रशिक्षण संस्थानों का संचालन करती है। कंपनी 11 अत्याधुनिक फुल-फ्लाइट सिम्युलेटर और 17 प्रशिक्षण विमानों का संचालन करती है।

इसके सिम्युलेशन केंद्र गुरुग्राम और हैदराबाद में हैं जबकि उड़ान स्कूल हरियाणा के भिवानी और नारनौल में हैं।

अदाणी समूह ने एक विज्ञप्ति में कहा कि यह अधिग्रहण उसके विमानन सेवा कारोबार को और मजबूती देगा। समूह पहले से ही देश के कई हवाईअड्डों का संचालन करता है और विमान रखरखाव एवं मरम्मत क्षेत्र में भी सक्रिय है।

अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आशीष राजवंशी ने कहा, “यह अधिग्रहण हमारा एकीकृत विमानन सेवा मंच बनाने की रणनीति का अगला कदम है। भारतीय एयरलाइंस आने वाले वर्षों में 1,500 से अधिक विमान जोड़ने वाली हैं, जिससे प्रमाणित पायलटों की मांग कई गुना बढ़ेगी।’

यह सौदा फ्लाइट सिम्युलेशन सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड और उसकी अनुषंगी कंपनियों एवं मौजूदा शेयरधारकों से किया गया है।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.