Friday, September 4, 2026

लॉकडाउन में छूट का श्रेय लेने की मची होड़

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। डेढ़ महीने के बाद लॉकडाउन में व्यापारियों को आंशिक छूट मिलने के बाद सत्ताधारी भाजपा नेताओं के समर्थकों में अपने-अपने नेता को इसका श्रेय देने की होड़ मच गयी है। जहाँ भाजपा से सम्बद्ध देवभूमि व्यापार मंडल ने इसके लिए संगठन के प्रदेश महामंत्री अजय कुमार को धन्यवाद् किया है तो कांग्रेस से सम्बद्ध उद्योग व्यापार मंडल ने इसके लिए भाजपा के स्थानीय विधायक राजकुमार ठुकराल को साधुवाद दिया है। वहीं सोशल मीडिया पर एक धड़ा ऐसा भी है जो भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा का आभार प्रकट कर रहा है।

बीती शाम जैसे ही शासन द्वारा लॉकडाउन में दो दिन के लिए लगभग बीस तरह के व्यवसायों को छूट दिए जाने की सूचना सार्वजनिक हुई तो शहर में इसका श्रेय लेने के लिए सत्ताधारी दल के नेताओं ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। किसी नेता ने अपने भाई को व्हाट्सएप ग्रुपों में यह संदेश डालने का जिम्मा लगाया तो कुछ समर्थक इस नूराकुश्ती को फेसबुक पर ले गए। देवभूमि व्यापार मंडल ने संगठन के प्रदेश महामंत्री को धन्यवाद ज्ञापन प्रेषित किया तो उद्योग व्यापार मंडल ने व्हाट्सएप ग्रुपों सहित फेसबुक पर इसे विधायक राजकुमार ठुकराल की मेहरबानी बताया।

अब ऐसे में भला भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा के समर्थक कैसे पीछे रहते। उन्होंने भी बाजार खुलने के लिए अरोड़ा की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए संदेश पोस्ट करने शुरू कर दिए। अलबत्ता इस पूरे प्रकरण में ऐसे फेसबुकिये भी पीछे नहीं रहे जो इस खींचातानी का लुत्फ़ उठा रहे थे। कईयों ने अपने अकाउंट में पोस्ट किया है कि आखिर भाजपा खुलकर बताए कि लॉकडाउन में छूट मिलने के लिए किसका धन्यवाद करना है। वहीं कुछ व्यापारियों का कहना था कि डेढ़ महीने के कोरोना कर्फ्यू से उनके समक्ष आर्थिक संकट मुंह बाए खड़ा है। ऐसे में मात्र दो दिन के दिउकान खोलने का आदेश देकर शासन ने व्यापारी वर्ग पर एहसान नहीं किया। व्यापारियों का यह भी कहना था कि अभी भी सैकड़ों छोटे, मझोले व लधु व्यवसायी सहित खोखा-फड़-ठेली वालों सहित मजदूर वर्ग है जो लॉकडाउन खुलने की प्रतीक्षा कर रहा है। यह समाज का वह दबा-कुचला वर्ग है जिन्हें दो वक़्त की रोटी भी कर्फ्यू के कारण नहीं नसीब हो रही।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.