
भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले में बाजार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक खोले जाने की अनुमति के लिए देवभूमि व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल में जिलाधिकारी रंजना राजगुरु से भेंट की। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को संबोधित इस आशय का एक ज्ञापन मेयर रामपाल सिंह व संगठन जिला अध्यक्ष गुरमीत सिंह और महानगर अध्यक्ष विकास शर्मा के नेतृत्व उन्हें सौंपा।

व्यापारियों का कहना था कि उत्तराखंड में लॉकडाउन लगे हुए लगभग 42 दिन हो चुके हैं व्यापारियों के प्रतिष्ठान बंद कर प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। जिसकी वजह से व्यापारियों को अब आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। जिले में फिलहाल प्रतिदिन 400 से भी कम कोरोना मरीज सामने आ रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में 600 से कम मरीज आने पर 55 जिलों को खोल दिया गया है। जिले से लगते रामपुर जिले को भी खोल दिया गया है। जिससे उपभोक्ताओं को रामपुर, बिलासपुर, स्वार व ठाकुरद्वारा से मजबूरी में सामान लाना पड़ेगा। इस कारण उत्तराखंड को राजस्व की भी हानि होगी और व्यापारियों का भी नुकसान होगा। मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि व्यापारी पिछले 42 दिन से अपने कर्मचारियों को वेतन बैंक की ब्याज दुकान के किराए एवं अपने परिवार के भरण-पोषण कर आर्थिक बदहाली की स्थिति में आ गए हैं। गुरमीत सिंह ने कहा कि व्यापारी हित में मांग की जाती है कि सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक उधम सिंह नगर जिले में बाजार खोलने की अनुमति प्रदान की जाए। व्यापारियों ने कहा कि अनुमति मिलने पर कोरोना गाइडलाइन का पूरा पालन किया जायेगा। इस दौरान किशनलाल नारंग, हरजीत राठी, प्रभात खुराना, युवा अध्यक्ष जगरूप गोल्डी आदि साथ थे।