Monday, August 31, 2026

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक का दौरा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करेगा

Share

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के मनोनयन के पश्चात प्रथम बार उधम सिंह नगर जिला आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की व्यापक तैयारी की है। भाजपा नेताओं का कहना है कि जिला मुख्यालय रुद्रपुर में प्रस्तावित कौशिक के इस कार्यक्रम से साल 2022 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया जायेगा। यहाँ किया गया शक्ति प्रदर्शन पूरे राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करेगा।

स्थानीय सिटी क्लब के आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा ने कहा कि कौशिक शुक्रवार को सुबह नौ बजे नगर के गाँधी पार्क पहुंचेंगे। उनके स्वागत में बाइक रैली निकाली जायेगी। बाइक रैली रामलीला ग्राउण्ड निकट रोडवेज स्टैंड से शुरू होकर विधवानी मार्केट, गुड़मण्डी, गुरूद्वारा रोड, पांच मंदिर, प्रिंस होटल, भगत सिंह चौक, मुख्य बाजार, विधवानी मार्किट, नैनीताल राजमार्ग, काशीपुर बाईपास से होते हुए सिटी क्लब पहुंचकर समाप्त होगी। इस रैली में करीब 2 हजार से अधिक कार्यकर्ता होंगे। अरोड़ा ने बताया कि जिले की सभी नौ विधानसभाओं के भाजपा व उसके अनुषांगिक संगठनों सहित सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे। शहर में हर विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते कुल नौ तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। सम्बंधित विधानसभा के कार्यकर्ता इन्हीं द्वारों पर अपने प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि कौशिक एक बजे प्रेस वार्ता करेंगे और उसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।

पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्षा व कार्यक्रम की समन्वयक राजकुमारी गिरी ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशन में पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत किये जाने के लिए चर्चा होगी। साथ ही रणनीति बनाई जाएगी कि किस तरह आसन्न चुनाव में पार्टी पहले से भी अधिक बहुमत से सत्ता में आये। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होने वाला है और कार्यकर्ताओं की बदौलत भाजपा एक बार पुनः प्रदेश में अपना परचम लहराएगी। इस दौरान पर्यवेक्षक वीरेंद्र बिष्ट, जिला महामंत्री विवेक सक्सेना, जिला मीडिया प्रभारी ललित मिगलानी, राजेंद्र श्रीधर मौजूद थे।

Read more

Local News

Translate »