Monday, August 31, 2026

शहर की अधिकांश सड़कें पड़ी हैं टूटी, गड्ढे कर रहे राहगीरों को चोटिल

Share

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर।  शहर के विकास का दावा करने वाले जिम्मेदारों को मुख्य मार्गों के गड्ढे आइना दिखा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम ने बीते कुछ महीनों में जो सड़कें बनवाई हैं उनके निर्माण का औचित्य समझ से परे है। मुख्य मार्गों को छोड़कर कालोनियों के अंदर सड़कों के निर्माण को करोड़ों रुपये फूंक दिए गये मगर समस्या जस की तस बनी हुई है।

उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में सड़कें बदहाल हो चली हैं। टूटी सड़कों के चलते आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोग चोटिल होते हैं तो कई घरों के चिराग इन बदहाल सड़कों के कारण बुझ चुके हैं। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि कुम्भकर्णी नींद में सोये हुए हैं। बीते कुछ महीनों में निगम प्रशासन ने करोड़ों रुपये खर्च कर लगभग पंद्रह किमी संपर्क मार्गों का निर्माण कराया था लेकिन इसको लेकर स्थानीय निवासियों में रोष है। उनका कहना है कि निगम ने बजट को मिलीभगत के चलते ठिकाने लगाया है। मुख्य मार्गों की जगह कालोनियों में अनावश्यक रूप से छोटी-छोटी सड़कों पर व्यय किया गया है। जबकि यातायात का दबाव जिन सड़कों पर अधिक होता है उन्हें ठीक नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि मानसून में स्थितियां बहुत दुष्कर हो जाएँगी और सड़कों की बदहाली के चलते न सिर्फ दुर्घटनाएं बढ़ेंगी बल्कि लोगों को जान से भी हाथ धोना पड़ेगा।

 

नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग से आवास विकास के होली चौक को जाने वाली सड़क पर करीब 70 गड्ढे ऐसे हैं जिनसे बचकर निकलना मुश्किल हो जाता है। इस सड़क का निर्माण निगम को प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए था। लेकिन छोटे मोहल्लों की सड़कें बनी और इस मुख्य सड़क को छोड़ दिया गया। निगम की इस तरह की कार्यशैली समझ से परे है। मेहुल शर्मा, आवास विकास निवासी

अधिकांश सड़कें टूटी पड़ी हैं। गड्ढों की वजह से अक्सर हादसे होते हैं तो वाहनों में भी जल्द खराबी आ जाती है। निगम प्रशासन ने कुछ समय पहले निर्माण कार्य किये और सड़कों के गड्ढे भरवाए थे, लेकिन मानक के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया। इन कार्यों में भ्रष्टाचार की बू आती है। —– पुनीत कुमार ,,,, होली चौक निवासी

यह समस्या आने वाले दिनों में और ज्यादा घातक हो जाएगी। बरसात में यह गड्ढे सबसे ज्यादा हादसों का सबब बनेंगे। शहर में तीन इंजन की सरकार है। मेयर, विधायक और सांसद तीनों भाजपा से हैं मगर सडकों के निर्माण की तरफ किसी का ध्यान नहीं है। बीते दिनों विधायक निधि से कलक्ट्रेट में सड़कों का निर्माण हुआ लेकिन स्टेडियम के बगल वाली सड़क छोड़ दी गयी जहाँ ट्रैफिक का अत्यधिक दबाव है। उज्जवल जैन ,,, शक्ति विहार कालोनी निवासी

 

 

Read more

Local News

Translate »