भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में आयोजित चार दिवसीय 22वीं प्रादेशिक जनपद/वाहिनी पुलिस एथलेटिक्स एवं साईकिलिंग प्रतियोगिता-2026 बुधवार को भव्य समारोह के साथ संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग की चल वैजयंती ट्रॉफी मेजबान 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर ने अपने नाम की, जबकि महिला वर्ग की चल वैजयंती ट्रॉफी पर 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर ने कब्जा जमाया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विजेता टीमों व खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ियों ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया है।उन्होंने इस आयोजन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों,रेफरी,अन्य अधिकारियों और पूरी टीम के सदस्यों को बधाई और धन्यवाद दिया।जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को और अधिक अभ्यास करने और अपने समय प्रबंधन को बेहतर बनाने की सलाह दी है। साथ ही जो प्रतिभागी इस बार विजेता मंच पर नहीं आ पाए, उन्हें अगली बार सफल होने के लिए प्रोत्साहित किया और भविष्य की शुभकामनाएं दी।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन के आधार पर पुरुष वर्ग में पौड़ी के अपर उप निरीक्षक सुनील कुमार तथा महिला वर्ग में 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर की महिला आरक्षी कुसुम मैखुरी को ‘सर्वश्रेष्ठ एथलीट’ घोषित किया गया।
इससे पूर्व,46वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक पंकज भट्ट ने मुख्य अतिथि, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, निर्णायक मंडल और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता की आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि दूसरी बार वाहिनी को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का दायित्व सौंपा गया था, जिसका शुभारंभ 15 नवंबर को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ श्रीमती निवेदिता कुकरेती द्वारा किया गया था। उन्होंने बताया कि चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में 10 जनपद पुलिस और 05 पीएसी/आईआरबी वाहिनियों की कुल 15 टीमों के 207 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान पुरुष वर्ग में 23 और महिला वर्ग में 20 एथलेटिक्स स्पर्धाओं के साथ-साथ साईकिलिंग ट्रायल का भी सफल आयोजन किया गया। सेनानायक ने बताया कि इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी अखिल भारतीय पुलिस प्रतियोगिताओं के लिए उत्तराखंड पुलिस टीम का चयन किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और पुलिस विभाग का नाम रोशन करेंगे। अंत में उन्होंने प्रतियोगिता को निर्विवाद व अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्णायक मंडल, टीम प्रबंधकों, वाहिनी के अधिकारियों-कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।





