Sunday, June 29, 2025

फ्लाइट के दौरान वॉशरूम में सिगरेट पी रहा था शख्स, पायलट ने यूं पकड़ा; दर्ज हुई FIR

Share

भोंपूराम खबरी। सिगरेट की तलब ऐसी होती है कि कई बार लोग खुद के साथ-साथ दूसरे लोगों की जिंदगी भी खतरे में डाल देते हैं। हाल ही में ऐसा ही एक वाकया ओमान के मस्कट से मुंबई आ रही एक फ्लाइट में सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मस्कट से मुंबई आ रही इस फ्लाइट के वॉशरूम में धूम्रपान करने के आरोप में 51 साल के एक शख्स को पकड़ा गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि घटना विस्तारा की ‘यूक्रे234’ फ्लाइट में हुई जिसने सोमवार रात 11 बजकर 56 मिनट पर ओमान की राजधानी मस्कट से महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के लिए उड़ान भरी थी।

‘स्मोक डिटेक्टर’ की वजह से पकड़ में आया शख्स

अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट में सवार बालकृष्ण राजयन नाम का शख्स प्लेन के वॉशरूम में गया और सिगरेट पीने लगा। अधिकारी के मुताबिक, राजयन तमिलनाडु के कन्याकुमारी का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि घटना तब सामने आई जब विमान के पायलट को ‘स्मोक डिटेक्टर’ की वजह से इसका पता चला। अधिकारी ने बताया कि पायलट ने क्रू मेंबर्स को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने वॉशरूम की जांच की। क्रू मेंबर्स को वॉश बेसिन से सिगरेट का एक हिस्सा मिला। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह फ्लाइट के मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरने के बाद क्रू मेंबर्स ने यात्री के अनुचित व्यवहार के बारे में सुरक्षा पर्यवेक्षक को सूचित किया।

यात्री ने पूछताछ के दौरान दिखाई माचिस की डिब्बी

घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा अधिकारी बालकृष्ण राजयन को अपने दफ्तर में ले गए और उसकी हरकत के बारे में पूछताछ की। राजयन ने स्वीकार किया कि उसने वॉशरूम के अंदर धूम्रपान किया था। अधिकारी ने कहा कि राजयन ने सिगरेट जलाने के लिए इस्तेमाल की गई माचिस की डिब्बी भी दिखाई। बाद में उसे शहर के सहार थाने ले जाया गया, जहां सुरक्षा पर्यवेक्षक ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच की रही है।

Read more

Local News

Translate »