भोंपूराम खबरी। नेशनल हाईवे-74 पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मदर इंडिया पब्लिक स्कूल के समीप क्षमता से अधिक भूसा लादकर जा रहा एक अनियंत्रित ट्राला कार के ऊपर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में कार चालक की मौके पर ही दबकर दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8ः30 बजे ग्राम कनौरा निवासी नाजिम (30 वर्ष) पुत्र आबिद हुसैन कार लेकर घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह दोराहा चौकी में तैनात एएसआई सुनील कुमार की कार धुलवाने के लिए सर्विस सेंटर ले जा रहा था। इसी दौरान रुद्रपुर की ओर से आ रहा ओवरलोड भूसे का ट्राला अचानक संतुलन खो बैठा और नाजिम की कार को अपनी चपेट में लेते हुए उसके ऊपर पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार मलबे के ढेर में तब्दील हो गई और नाजिम को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गया है। तीन भाइयों में मंझला नाजिम अपने परिवार का अहम सहारा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही गांव कनौरा में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का बुरा हाल है। घटना की सूचना पर कोतवाल नरेश चौहान और दोराहा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, स्थानीय लोगों में पुलिस और परिवहन विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप है कि हाईवे पर क्षमता से अधिक लोडिंग वाले वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन बेगुनाह लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




