Saturday, September 5, 2026

जिला अस्पताल में ऑक्सीजन नहीं मिलने से महिला की मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय में प्रसव के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं के साथ हाने वाली जानलेवा घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चिकित्सालय में महिला चिकित्सकों की लापरवाही से पूर्व में प्रसव के लिए आई कई महिलाओं की मौत हो चुकी है।

गुरूवार को एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया है। रात्रि में महिला चिकित्सक की गैरमौजूदगी में स्टॉफ द्वारा किये गये प्रसव के बाद महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। ऐसे नाजुक समय में चिकित्सक की गैर मौजूदगी में स्टॉफ ने महिला को इंजेक्शन लगाये और जब उसे आक्सीजन देने की कोशिश की गई तो पता चला कि यहां रखे सभी सिलेंडर खाली हैं और आक्सीजन पाईप भी काम नहीं कर रही है। इस दौरान महिला ने दम तोड दिया।

जिससे परिजनों में रोष भड़क गया और उन्होंने चिकित्सालय पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया तथा अनुपस्थित महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। जानकारी के अनुसार सिंह कालोनी निवासी गली नम्बर एक निवासी शिक्षक सौरभ मिश्रा का एक वर्ष पूर्व ही शक्तिफार्म में विवाह हुआ था। वह अपनी गभर्वती पत्नी 28 वर्षीय ज्योति पाण्डे को प्रसव के लिए सायं जिला चिकित्सालय ले गये। जहां मौजूद स्टाफ ने उन्हें भर्ती कर लिया। जबकि वहां कोई भी महिला चिकित्सक मौजूद नहीं थी। मध्य रात्रि लगभग 1-30 बजे स्टॉफ द्वारा ही प्रसव कराया गया। ज्योति ने कन्या को जन्म दिया। इसी दौरान सही ढ़ंग से सांस न ले पाने के कारण ज्योति की तबीयत बिगड़ गई और उसे जीवनदायिनी आक्सीजन की जरूरत पड़ी। लेकिन वहां रखे चार सिलेंडरों में आक्सीजन नहीं थी और न ही पाईप लाईन में आक्सीजन मिल पाई परिजनों ने जब ज्योति को रैफर करने को कहा तो महिला चिकित्सक न होने के कारण उसे रैफर नहीं किया जा सका। परिजनों ने बताया कि प्रातः 5 बजे उन्हें स्टाफ ने बताया कि ज्योति की मौत हो गई है। वहीं सौरभ का कहना है कि उसकी पत्नी की रात्रि में ही मौत हो चुकी थी जिसे स्टाफ द्वारा छिपाया गया। उसने आरोप लगाते हुए कहा कि चिकित्सालय में उपचार में बरती गई लापरवाही के कारण उसकी पत्नी की मौत हुई है। चिकित्सालय में हंगामे की सूचना मिलने पर सिडकुल चौकी पुलिसकर्मी आ पहुंचे और उन्होंने परिजनों से विस्तार से घटना की जानकारी ली। सौरभ ने मामले में पंतनगर थाना पुलिस, सीएमओ, डीएम व जिलाधिकारी को तहरीर प्रेषित कर घटना की जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। मृतका ज्योति के पिता गुरूग्राम शक्तिफार्म निवासी रंजन पांडे किसान हैं तथा भाई दीपक पिता के कार्य में हाथ बंटाने के साथ पढ़ाई भी करता है। माता फूलमाला सहित सभी परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी संजय ठुकराल समेत तमाम लोगों ने मामले की जानकारी ली और अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर नाराजगी प्रकट की।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.