भोंपूराम खबरी,ऋषिकेश। उत्तराखंड के खूबसूरत पहाड़ों और कल-कल बहती गंगा के किनारे वेकेशन (Vacation) मनाने आए एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उस समय पल भर में मातम में बदल गईं, जब गंगा किनारे सेल्फी लेते समय एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। ऋषिकेश के प्रसिद्ध एडवेंचर स्पॉट कौड़ियाला (Koudiyala) स्थित एक होटल के पास गंगा नदी के तेज बहाव में गाजियाबाद का एक पर्यटक बह गया। दिल दहला देने वाली बात यह है कि यह हादसा पर्यटक की पत्नी और मासूम बेटी की आंखों के सामने हुआ। अपनों को लहरों में विलीन होते देख परिवार में चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीकेंड और मौसम का लुत्फ उठाने के लिए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और हरियाणा के फरीदाबाद से दो दोस्तों के परिवार उत्तराखंड घूमने आए थे। दोनों ही परिवारों ने ऋषिकेश के आगे कौड़ियाला स्थित एक निजी होटल में स्टे किया था। 6 जून की शाम को जब मौसम खुशनुमा हुआ, तो दोनों परिवारों के सदस्य टहलने और तस्वीरें खींचने के लिए होटल के नीचे बने गंगा घाट की तरफ चले गए।
चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता पर्यटक आशीष जैन गाजियाबाद की एक नामी आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर (Software Engineer) के पद पर कार्यरत हैं। वे अपने परिवार के साथ यहां छुट्टियां बिताने आए थे।




