Friday, September 4, 2026

उत्तराखंड: आज और कल मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बाद भी मौसम विभाग द्वारा आगामी 48 घंटे यानी 6 और 7 अक्टूबर के लिए भारी बारिश की चेतावनी का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 6 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी और हरिद्वार जिलों में तेज बारिश की संभावना है इसलिए इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

7 अक्टूबर को भी पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चमोली के निचले इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में 4000मीटर से ऊपर बर्फबारी की संभावना जताई गई है।साथ ही इन इलाकों में 3 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए शासन-प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की सभी संबंधित एजेंसियां अलर्ट पर हैं। संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें तैनात की गई हैं। साथ ही आपदा कंट्रोल रूम से हर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

अगस्त और सितंबर में भी मॉनसून की भारी बारिश ने उत्तराखंड में काफी तबाही मचाई थी। इस पूरे सीजन में प्रदेश में औसतन 22 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि मॉनसून 26 सितंबर को पूरी तरह से उत्तराखंड से विदा हो गया था, लेकिन अब भी राज्य के कुछ इलाकों में बारिश जारी है।

इस साल जिलेवार बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बागेश्वर जिले में सामान्य से 241 फीसदी अधिक बारिश हुई है। टिहरी गढ़वाल में भी सामान्य से करीब 58 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है।हरिद्वार में सामान्य से 55 फीसदी अधिक बारिश हुई, जबकि पौड़ी गढ़वाल में सामान्य से 30 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। हालांकि, पौड़ी में अगस्त की भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ और कई लोगों की जान गई। चंपावत जिले में भी सामान्य से करीब 7 फीसदी कम बारिश हुई है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.