भोंपूराम खबरी। हैदराबाद के रंगा रेड्डी में 6 से 10 मार्च 2026 तक आयोजित 7वीं नेशनल पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने स्वर्ण सहित कई पदक अपने नाम किए, जिससे प्रदेश में खुशी का माहौल है।
उत्तराखंड के खिलाड़ी चिराग बरेठा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीते। उन्होंने पुरुष युगल (मेंस डबल्स) स्पर्धा में पंजाब के खिलाड़ी राज कुमार के साथ जोड़ी बनाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा चिराग बरेठा ने पुरुष एकल (मेंस सिंगल्स) स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में झारखंड की खिलाड़ी संजना कुमारी के साथ मिलकर उन्होंने कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया। वहीं प्रतियोगिता में उत्तराखंड की बेटियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। शिवांगी पांडेय ने महिला एकल (सिंगल्स) स्पर्धा में बेहतरीन खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। इसके साथ ही प्रेमा विश्वास ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगल्स और डबल्स दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक हासिल किए।
उत्तराखंड पैरा बैडमिंटन के संयोजक हरीश चौधरी ने कहा कि इन खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और संघर्ष यह साबित करता है कि दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उत्तराखंड में पैरा खेलों को नई पहचान मिल रही है। भविष्य में और भी खिलाड़ी प्रेरित होंगे। वहीउत्तराखंड के होनहार पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी हर्षित राजपूत ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए SH6 कैटेगरी के मेंस डबल्स मुकाबले में कांस्य पदक जीता।
इस उपलब्धि पर अंतर्राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज सरकार, पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की सचिव श्रीमती अमिता, एनआईओएस कोच प्रेम कुमार, डिसेबल्ड स्पोर्टिंग सोसायटी के प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण चुघ, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, अनिल चौहान, जे. बी. सिंह, डॉ. नागेंद्र प्रसाद शर्मा, सुभाष अरोड़ा, पार्षद शालू पाल, सुशील चौहान, भुवन गुप्ता, प्रीति गोस्वामी, शरद जोशी, अनु चौधरी, गोविंद परिहार, शैलेंद्र रावत, सत्य प्रकाश सहित कई लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




