भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों से राज्य के अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि नैनीताल और देहरादून में रविवार सुबह तेज बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा अल्मोड़ा और चमोली जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से अति तीव्र बारिश के दौर पड़ने की भी चेतावनी दी गई है।




