Friday, September 4, 2026

रुद्रपुर इंडेन गैस एजेंसी पर हंगामा, सैकड़ों उपभोक्ता परेशान; डिलीवरी ठप, फर्जी सप्लाई के आरोप

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। रुद्रपुर के काशीपुर बाईपास रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर डिलीवरी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे सैकड़ों उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि न तो समय पर होम डिलीवरी हो रही है और न ही बुक किए गए सिलेंडरों की स्थिति स्पष्ट की जा रही है।

मंगलवार को इस अव्यवस्था के खिलाफ युवा समाजसेवी सुशील गाबा एजेंसी पहुंचे और उपभोक्ताओं के साथ मिलकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने सिलेंडर की किल्लत, फर्जी डिलीवरी और बुकिंग न होने जैसी समस्याओं को लेकर रोष जताया। गाबा ने आरोप लगाया कि जहां नेताओं और अधिकारियों को घर बैठे गैस सिलेंडर मिल जाता है, वहीं आम जनता एजेंसी की लापरवाही का शिकार हो रही है।

उन्होंने कहा कि होम डिलीवरी व्यवस्था की कोई निगरानी नहीं हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को मजबूरन एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। मामले की शिकायत जिला पूर्ति कार्यालय में भी कर दी गई है। विरोध प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, हैप्पी रंधावा, गौरव गांधी समेत कई लोग उपभोक्ताओं के समर्थन में मौके पर पहुंचे।

इस बीच एक बड़ा आरोप तब सामने आया जब व्यापार मंडल संरक्षक नरेश ग्रोवर के साथ होम डिलीवरी कर्मचारी द्वारा 3500 रुपये में सिलेंडर देने की बात कही गई। इस खुलासे के बाद मौके पर हंगामा और बढ़ गया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा और होम डिलीवरी ठेकेदार को तत्काल बुलाया गया।

समाचार लिखे जाने तक एजेंसी परिसर में हंगामा जारी था। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.