भोंपूराम खबरी,पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के प्रसार शिक्षा एवं संचार प्रबंधन विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रदर्शनी ‘विवृद्धि 2026’ का शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति एवं मुख्य अतिथि डाॅ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अधिष्ठात्री सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय डाॅ. अल्का गोयल, निदेशक संचार डाॅ. जे.पी. जायसवाल, निदेशक प्रसार शिक्षा डाॅ. जितेन्द्र क्वात्रा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डाॅ. विपिन चन्द्र ध्यानि, अधिष्ठाता पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विज्ञान महाविद्यालय डाॅ. डी. कुमार तथा अधिष्ठाता मत्स्य पालन डाॅ. अवधेश कुमार सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं आगन्तुक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डाॅ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के तकनीकी ज्ञान, रचनात्मकता, संचार कौशल एवं व्यावसायिक दक्षता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रसार शिक्षा को नीरस नहीं कहा जा सकता, क्योंकि विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं के माध्यम से इसमें अनेक रंग भर दिए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की नवाचारी सोच, कलात्मक अभिव्यक्ति एवं मीडिया प्रस्तुतिकरण की विशेष प्रशंसा की।
‘विवृद्धि 2026’ प्रदर्शनी का आयोजन प्रसार शिक्षा एवं संचार प्रबंधन विभाग की कोर्स इंचार्ज डाॅ. अनुपमा पाण्डे एवं डाॅ. पूजा टम्टा द्वारा स्टूडेंट रेडी कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रम ‘हैंड्स ऑन ट्रेनिंग ऑन प्रिंट एंड इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रोडक्शन’ के तहत किया गया। विद्यार्थियों ने केन्वा, एडोबी फोटोशॉप एवं एडोबी इलस्ट्रेटर जैसे आधुनिक ग्राफिक डिजाइनिंग सॉफ्टवेयर का उपयोग कर विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया उत्पाद तैयार किए।
इस वर्ष प्रदर्शनी की थीम ‘संकल्प से सिद्धि : विकसित भारत 2047’ रही। विद्यार्थियों ने विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभों से संबंधित समस्याओं एवं उनके समाधान को पोस्टर, चार्ट, बुकलेट, फ्लायर, ब्रोशियर, लीफलेट, फ्लैश कार्ड एवं अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त कॉफी टेबल बुक, वॉल न्यूज पेपर, प्रोडक्ट कैटलॉग तथा एलुमनाई डायरेक्ट्री जैसे आकर्षक मीडिया उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए।
प्रदर्शनी को छह विभिन्न खंडों में विभाजित किया गया था। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया खंड में विद्यार्थियों द्वारा ‘ओवरकन्जम्पशन’, ‘सोचो और शेयर करो’ तथा ‘एक मजाक, कई घाव’ विषयों पर आधारित लघु वीडियो एवं नाटक प्रस्तुत किए गए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता हेतु तैयार चार रेडियो कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
फोटोग्राफी खंड में ‘शांति’, ‘प्रकृति’ एवं ‘प्रेम’ जैसे विषयों पर आधारित रचनात्मक तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया, जबकि विज्ञापन खंड में सामाजिक एवं व्यावसायिक विषयों पर आधारित डिजाइन प्रस्तुत किए गए। लेखन कला खंड में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं एवं समाचार पत्रों के लिए लिखे गए लेखों का प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण बिक्री उत्पाद खंड रहा, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा तैयार कार चार्म्स, डिजिटल फ्रेम आर्ट, फोटो मैगजीन एवं अन्य रचनात्मक मीडिया उत्पादों को प्रदर्शित एवं विक्रय हेतु रखा गया। इन उत्पादों के माध्यम से विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता एवं उद्यमिता कौशल की प्रभावी झलक देखने को मिली।




