भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर । सिडकुल की एक फैक्ट्री में किसी बात को लेकर हुए झगड़े में कुछ दबंग युवकों ने दो श्रमिकों की पिटाई कर दी। जिससे दोनों घायल हो गये । उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। ग्राम मोहम्मदपुर बहेड़ी बरेली निवासी श्रमिक 27 वर्षीय सुभाष सिंह पुत्र मुन्ने सिंह व 22 वर्षीय सूरजपाल पुत्र जगपाल ने बताया कि वह सिडकुल की एक कम्पनी में काम करते हैं।
सुभाष का कहना है कि सोमवार की रात्रि उसका एक युवक से झगड़ा हो गया था। मौके पर सुपरवाईजर द्वारा दोनों को समझा दिया गया। सुभाष ने बताया आज सुबह वह दबंग युवक अपने साथ कई साथियों को लेकर फैक्ट्री धमका और उस पर व उसके साथ सूरज पर हमला कर दिया। जिससे दोनों को खुली व गुम चोटें आ गईं। उसने बताया कि दबंग युवकों ेके भय से उन्हें वहां पर किसी ने भी उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की। किसी तरह गार्ड के कमरे में जाकर दोनों ने अपनी जान बचाई। जिसके बाद उसने अपने भाई को फोन कर बुलवाया। पुलिस को मामले की जानकारी देने के बाद उपचार कराने जिला अस्पताल पहुंचे।




