भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। उत्तराखंड के खेल जगत के लिए गर्व का विषय है कि एमेनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के दो छात्र एवं कॉर्बेट FC के प्रतिभाशाली खिलाड़ी मोहम्मद ताहा और विशाल सिंह भंडारी का चयन भारतीय अंडर-15 बालक राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। यह शिविर वर्ष 2026 में अज़रबैजान में आयोजित होने वाले FIFA U-15 विश्व कप की तैयारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।

दोनों खिलाड़ियों का चयन उत्तराखंड में फुटबॉल के बढ़ते स्तर और कॉर्बेट FC की मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण माना जा रहा है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय, क्लब, अभिभावकों एवं पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।

इसी के साथ ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) द्वारा घोषित 2026-27 एकेडमी एक्रेडिटेशन में कॉर्बेट FC ने लगातार अपना 4 स्टार एकेडमी एक्रेडिटेशन बरकरार रखते हुए एक बार फिर उत्तराखंड की सर्वोच्च रेटिंग प्राप्त फुटबॉल अकादमी होने का गौरव हासिल किया है।
AIFF द्वारा जारी परिणामों के अनुसार देशभर की 164 अकादमियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 142 अकादमियों को एक्रेडिटेशन प्रदान किया गया। इनमें केवल 9 अकादमियों को 4- स्टार रेटिंग प्राप्त हुई, जिनमें कॉर्बेट FC भी शामिल है। उत्तराखंड से FC कुमाऊं एवं दून सिटी FC को 1-स्टार एकेडमी एक्रेडिटेशन प्राप्त हुआ।
इस दोहरी उपलब्धि पर कॉर्बेट FC एवं एमेनिटी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों, पूर्व विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दी हैं। समर्थकों का कहना है कि यह सफलता वर्षों की मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और संस्थान द्वारा खेलों के विकास के प्रति किए जा रहे सतत प्रयासों का परिणाम है।
कॉर्बेट FC एवं एमेनिटी पब्लिक स्कूल के निदेशक श्री सुभाष अरोड़ा के नेतृत्व में संस्थान ने शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। विद्यालय में आधुनिक खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि आज कॉर्बेट FC के खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षण शिविर तक पहुँच रहे हैं और क्लब लगातार देश की शीर्ष फुटबॉल अकादमियों में अपनी जगह बनाए हुए है।
कॉर्बेट FC परिवार एवं एमेनिटी पब्लिक स्कूल ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी संस्था उत्तराखंड और देश को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रदान करती रहेगी तथा भारतीय फुटबॉल के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी।




