Friday, September 4, 2026

यहां नहाने गए थे दो बच्चे…पानी से भरे गड्ढे में डूबकर दोनों की मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय दो बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे कॉलोनी के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी में नहाने के लिए उतरे थे, जहां गहराई का अंदाजा नहीं लगने से हादसा हो गया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर स्थित महादेव कॉलोनी में रहने वाले मयंक (6) पुत्र नन्हे और देव (6) पुत्र राजेंद्र कश्यप दोपहर के समय अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। गर्मी अधिक होने के कारण दोनों पास के खाली प्लॉट में भरे पानी में नहाने के लिए उतर गए। काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू हुई। करीब आधे घंटे बाद स्थानीय लोगों की नजर पानी में तैरते एक बच्चे के शव पर पड़ी। इसके बाद दोनों बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल काशीपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार पंकज चंदोला नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने बताया कि एक बच्चे का शव पानी की सतह पर आने के बाद लोगों को हादसे की जानकारी मिली। दोनों परिवार घटना स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर रहते हैं।

मृतक मयंक का परिवार महादेव कॉलोनी में बड़े गुरुद्वारे के पीछे रहता था, जबकि देव के पिता राजेंद्र कश्यप मूल रूप से रामपुर जिले के स्वार थाना क्षेत्र स्थित अलीनगर जागीर के निवासी हैं और वर्तमान में महादेव कॉलोनी में किराये पर रहकर आजीविका चला रहे हैं। हादसे के बाद नगर निगम की टीम ने बुलडोजर की मदद से खाली प्लॉट में भरे पानी की निकासी का कार्य शुरू कर दिया। वहीं, मासूम बच्चों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.