Friday, September 4, 2026

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के प्रेस वार्ता का दिखने लगा असर डबल वोट रखने वाले मतदाताओं ने स्वयं स्वीकार की गलती, एक स्थान से नाम हटाने के लिए ERO कार्यालय में दिए प्रार्थना पत्र

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,किच्छा। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के अंतर्गत मतदाता सूची में दर्ज दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की कार्रवाई के बीच दो स्थानों पर मतदाता सूची में नाम दर्ज पाए जाने वाले मतदाताओं ने स्वयं आगे आकर एक स्थान से अपना नाम हटाने के लिए निर्वाचन कार्यालय का रुख करना शुरू कर दिया है।

 

इसी क्रम में कुरैया एवं दरऊ क्षेत्र के दर्जनों लोग निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO)/उपजिलाधिकारी किच्छा के कार्यालय पहुंचे। संबंधित मतदाताओं ने लिखित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करते हुए स्वीकार किया कि उनका नाम दो अलग-अलग स्थानों की मतदाता सूचियों में दर्ज है। उन्होंने दोनों स्थानों में से किसी एक स्थान से अपना नाम हटाए जाने का अनुरोध करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।

बताते चलें कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में कथित रूप से दर्ज 8,184 डबल वोट के मामले को लेकर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला द्वारा प्रेस वार्ता की गई थी। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के BLA-1 राजेश तिवारी द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आपत्तियां दर्ज कराते हुए मांग की गई थी कि दो स्थानों पर मतदाता के रूप में दर्ज लोगों के मामलों की जांच कर नियमानुसार एक स्थान से नाम हटाने तथा दोष पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए। प्रेस वार्ता में इस विषय को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया के दौरान संबंधित मतदाताओं द्वारा स्वयं निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर अपने नाम को एक स्थान से हटाने के लिए प्रार्थना पत्र दिए जाने से मामले ने नया रुख लिया है। बताया जा रहा है कि कई लोग कानूनी कार्रवाई की संभावना से बचने तथा मतदाता सूची को नियमानुसार दुरुस्त कराने के उद्देश्य से स्वयं आगे आ रहे हैं।

 

उपजिलाधिकारी किच्छा गौरव पांडे ने बताया कि 13 अगस्त के बाद दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए संबंधित लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। जिन लोगों के नाम दो स्थानों पर पाए गए हैं, उनमें से कुछ लोग स्वयं कार्यालय पहुंचकर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए एक स्थान से नाम हटाने के लिए प्रार्थना पत्र दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप जारी है। दो स्थानों पर नाम दर्ज होने के मामलों में दस्तावेजों एवं संबंधित अभिलेखों के आधार पर जांच की जाएगी तथा नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई से यह भी स्पष्ट हो रहा है कि SIR प्रक्रिया के अंतर्गत मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धिकरण का कार्य गंभीरता से आगे बढ़ रहा है। निर्वाचन कार्यालय द्वारा भेजे जा रहे नोटिस के बाद संबंधित मतदाताओं के स्वयं सामने आने से मतदाता सूची में एकरूपता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.