Friday, September 4, 2026

यहां गल्ला मंडी में मिले शवों की हुई शिनाख्त, लक्ष्मी पोखरिया और शुभम टम्टा के रूप में हुई शिनाख्त !

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी, हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र स्थित नवीन गल्ला मंडी परिसर में गुरुवार सुबह दोहरे हत्याकांड से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने एक 22 वर्षीय युवती और 30 वर्षीय युवक की इतनी निर्ममता से हत्या कर दी कि शवों की हालत देख मौके पर मौजूद लोग सिहर उठे। दोनों के सिर और चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया गया था।

हत्या में प्रयुक्त भारी-भरकम पत्थर शवों के पास ही खून से सना मिला है, जिसे फॉरेंसिक टीम ने अहम सबूत के तौर पर सीज कर लिया है। शवों की हालत इतनी भयावह थी कि पहली नजर में पहचान करना भी मुश्किल हो गया।

कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मृतका की पहचान ओखलकांडा ब्लॉक निवासी लक्ष्मी पोखरिया (22) पुत्री हेम चंद्र पोखरिया के रूप में हुई है। मृतका के भाई सुरेश चंद्र पोखरिया ने मौके पर पहुंचकर बहन की शिनाख्त की और हत्या की तहरीर पुलिस को सौंपी। लक्ष्मी बीएससी की छात्रा थी और पढ़ाई के सिलसिले में हल्द्वानी आती-जाती थी।

मृतक युवक की पहचान शुभम कुमार टम्टा (30) निवासी अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस को उसकी जेब से आधार कार्ड मिला, जिसमें जन्मतिथि 31 दिसंबर 1995 दर्ज है। आधार में दर्ज मोबाइल नंबर के जरिए परिजनों से संपर्क कर शिनाख्त कराई गई।

हत्याकांड की क्रूरता को देखते हुए पुलिस भी हैरान है। जिस तरह दोनों के सिर पत्थर से कुचले गए हैं, उससे यह आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों की उनसे कोई गहरी रंजिश थी या फिर किसी बात का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, जिसमें आपसी संबंधों और हालिया गतिविधियों की पड़ताल भी शामिल है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित सैनी और कोतवाली प्रभारी विजय मेहता मौके पर पहुंचे। मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

हल्द्वानी की शांत सुबह को खून से रंग देने वाला यह दोहरा हत्याकांड कई सवाल छोड़ गया है—क्या यह प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत है या फिर किसी पुरानी दुश्मनी की साजिश? पुलिस की जांच से ही अब इस रहस्य से पर्दा उठ पाएगा।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.