Saturday, September 5, 2026

यहां पुलिसकर्मी को रौंदकर भागे आरोपी गिरफ्तार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। राजधानी में रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी को वाहन से टक्कर मारकर फरार हुए आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए जा रहे सघन अभियान के दौरान हुई इस सनसनीखेज घटना में पुलिस की तत्परता से चार आरोपियों को दबोच लिया गया, जबकि घायल चालक का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना 7 अप्रैल की देर रात विकासनगर क्षेत्र की है, जहां डाकपत्थर तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया। लेकिन कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में अलर्ट जारी कर दिया। कुछ ही देर बाद कार धनवंतरी चौक के पास खड़ी मिली, जहां मौजूद युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस जब मौके पर पहुंची और पूछताछ का प्रयास किया, तो कार चालक ने अचानक वाहन बैक कर सरकारी वाहन को टक्कर मार दी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को कुचलते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसे भी टक्कर मारकर आरोपी फरार हो गए।

घायल पुलिसकर्मी और अन्य व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने शहरभर में नाकेबंदी कर दी। कुछ देर बाद सूचना मिली कि भागते समय आरोपियों की कार बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया, जबकि अन्य तीन मौके से भाग निकले थे। लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में साहिल, आयुष, अंशुल चौहान और प्रियांशु शामिल हैं, जबकि वाहन चालक गौरव चौधरी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सभी आरोपी नशे की हालत में थे और चेकिंग से बचने के लिए गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। घटना के संबंध में कोतवाली विकासनगर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.