भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। खेल निदेशालय उत्तराखंड एवं जिला खेल कार्यालय की ओर से स्टेडियम में आयोजित उत्तराखंड राज्य स्तरीय ओपन बालक अनुसूचित जाति कबड्डी प्रतियोगिता का बुधवार को मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर महापौर ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंचे हैं। दो दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां पहुंचे सभी खिलाड़ी अपने-अपने जिलों में जीत हासिल कर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उनके भीतर अपार ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा है। उन्हें उम्मीद है कि खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भी जीत हासिल कर आगे राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेंगे और अपने खेल के साथ-साथ जीवन में भी सफलता के नए मुकाम हासिल करेंगे।
महापौर ने कहा कि उत्तराखंड हम सभी के सपनों का प्रदेश है और इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सबकी सामूहिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो विजन देश के सामने रखा है, उसे साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना होगा। जब समाज का हर व्यक्ति एक कदम आगे बढ़ाएगा, तभी देश और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे। इसमें युवाओं और खिलाड़ियों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड में खेलों को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। खेल सुविधाओं और आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हुआ है। उत्तराखंड की पहचान कभी केवल देवभूमि के रूप में होती थी, लेकिन आज प्रदेश खेलभूमि के रूप में भी अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है। प्रदेश में विकसित हो रहा स्थायी खेल इंफ्रास्ट्रक्चर आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। सरकार की खेल नीति और खेल सुविधाओं के विस्तार से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा खेलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। आने वाले समय में उत्तराखंड से ऐसी अनेक खेल प्रतिभाएं निकलेंगी, जो प्रदेश के साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगी।
महापौर ने जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की और उनकी पूरी टीम की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि सीमित बजट और संसाधनों के बावजूद जिला खेल कार्यालय की टीम जिस समर्पण और मेहनत से खेल प्रतियोगिताओं एवं अन्य आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न करा रही है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित पूरी टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, कोच गीता सांगुड़ी, रोहन चौधरी, मोहित रावत, हॉकी कोच नवनीत राव, क्रिकेट कोच हरीश राम, एथलेटिक्स कोच गौरव उपाध्याय, कबड्डी कोच लक्ष्मण, ममता बोहरा, पार्षद बीनू, गौरव जुयाल, पूजा मेहरा, नेहा बिष्ट सहित खेल विभाग के प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




