भोंपूराम खबरी,बागेश्वर/कपकोट। कपकोट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लाहुर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी नन्दन सिंह का 8 वर्षीय पुत्र राकेश सिंह शिवालय के समीप सरयू नदी में बह गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की स्थिति का स्वयं जायजा लिया। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व विभाग एवं अन्य बचाव दलों से खोज अभियान की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालक की तलाश के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे।
विधायक ने पीड़ित माता-पिता एवं परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में प्रशासन और सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। फिलहाल एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य टीमें सरयू नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और मासूम की तलाश जारी है।




