भोंपूराम खबरी,नैनीताल। जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। मौसम विभाग द्वारा 14 अगस्त को जनपद नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में 14 अगस्त को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान तथा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र 14 अगस्त को बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
मौसम विभाग ने भारी बारिश के चलते नदी-नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका जताई है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यह निर्णय लिया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र के ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी संबंधित संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का यह कदम खराब मौसम के दौरान बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




