Friday, September 4, 2026

मतदाता सूची में फर्जी आपत्तियां दर्ज किए जाने के आरोपों को लेकर राजकुमार ठुकराल ने की डीएम नितिन भदौरिया से मुलाकात

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर। मतदाता सूची में कथित धांधली और फर्जी आपत्तियां दर्ज किए जाने के आरोपों को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से मुलाकात कर विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा।

इस दौरान उन्होंने अतिरिक्त जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और अतिरिक्त जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा से भी वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अधिकारियों से कहा कि मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया के दौरान एक ही आपत्तिकर्ता द्वारा नियमों के विपरीत 100 से अधिक आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने हाल ही में स्पष्ट किया है कि एक व्यक्ति अधिकतम पांच आपत्तियां ही दर्ज करा सकता है, इसके बावजूद इस नियम का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। ठुकराल ने आरोप लगाया कि रूद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में कई ऐसे मतदाता हैं, जिन्हें यह तक जानकारी नहीं है कि उनके नाम से आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि फर्जी और कूटरचित आपत्तियां दाखिल कर निर्वाचन प्रक्रिया के नियमों की अनदेखी की जा रही है। उनके अनुसार यह पूरी कार्रवाई सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है और अधिकांश मामलों में आपत्तिकर्ताओं के पास अपने दावों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य भी नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराकर फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वाले लोगों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के लिए उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.