भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। सन सिटी कॉम्प्लेक्स में चल रहे एक स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों का बड़ा खुलासा हुआ है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम ने बुधवार देर रात छापेमारी कर देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में स्पा संचालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से चार महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सन सिटी कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर संचालित कोहिनूर स्पा सेंटर में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए टीम ने तीन व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार (22 वर्ष), ओम विजय (28 वर्ष) और स्पा संचालक हरीश साह (39 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्पा सेंटर किराए पर लिया गया था और इसके संचालन में विकास कुमार की अहम भूमिका थी, जबकि हरीश साह पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था
छापेमारी के दौरान जब पुलिस टीम ने स्पा सेंटर के अंदर कमरों की तलाशी ली तो वहां चार महिलाएं मिलीं, जिन्हें तत्काल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे पिछले कई महीनों से यहां काम कर रही थीं और आर्थिक तंगी के चलते इस कार्य में फंसी हुई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि संचालक और उसके सहयोगियों द्वारा उन्हें लालच और दबाव में देह व्यापार के लिए मजबूर किया जाता था।
मौके से पुलिस ने मोबाइल फोन, नकदी, कस्टमर एंट्री रजिस्टर समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। सभी सामान को सील कर जब्त कर लिया गया है और जांच के लिए भेजा गया है। बरामद मोबाइल फोन को भी विवेचना में शामिल किया जाएगा, जिससे पूरे नेटवर्क के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण)
अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 6 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि रेस्क्यू की गई महिलाओं को महिला पुलिस की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही, इस कार्रवाई में सुप्रीम कोर्ट और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया है।
यह कार्रवाई क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती को दर्शाती है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।




