Friday, September 4, 2026

नगला-लालपुर मार्ग पर टी.डब्ल्यू.टी. तकनीक की गुणवत्ता पर उठे सवाल, विधायक बेहड़ ने पहले ही जताई थी आशंका

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। किच्छा विधानसभा क्षेत्र के नगला-लालपुर मार्ग (चेन 8.636 किमी से 9.636 किमी) पर टी.डब्ल्यू.टी. तकनीक से कराए जा रहे सड़क पुनर्निर्माण में निर्माण शुरू होने के कुछ ही समय बाद सड़क के कुछ हिस्सों में टूट-फूट सामने आने लगी है। इस संबंध में विधायक तिलक राज बेहड़ ने जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें इस तकनीक को लेकर आशंका तभी हो गई थी, जब लालपुर-महाराजपुर मार्ग पर इसी तकनीक से निर्मित सड़क में शुरुआती दौर में ही क्षति की शिकायतें सामने आई थीं।

बेहड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी के दृष्टिगत उन्होंने 30 अप्रैल 2026 को सचिव, लोक निर्माण विभाग एवं प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर टी.डब्ल्यू.टी. तकनीक से बनाई जा रही सभी सड़कों की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने अपने पत्र में कहा था कि इस तकनीक से निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सभी सड़कों की गुणवत्ता का स्वतंत्र परीक्षण कराया जाए। इन सड़कों में नगला-लालपुर मार्ग भी शामिल था। साथ ही उन्होंने विशेषज्ञ समिति गठित कर तकनीक की उपयोगिता एवं गुणवत्ता का परीक्षण कराने का आग्रह किया था, ताकि भविष्य में जनता को गुणवत्तापूर्ण सड़कें मिल सकें और सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित हो।

बेहड़ ने बताया कि उनके पत्र पर संज्ञान लेते हुए 19 मई 2026 को प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग द्वारा मुख्य अभियंता को टी.डब्ल्यू.टी. तकनीक की जांच कराने के संबंध में पत्र जारी किया गया था, जिसकी प्रति उन्हें भी उपलब्ध कराई गई थी।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि अब नगला-लालपुर मार्ग पर भी निर्माण के शुरुआती चरण में सड़क पर क्षति दिखाई देने से यह आवश्यक हो गया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए। यदि जांच में तकनीक, निर्माण सामग्री अथवा कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर किया जाए। साथ ही यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी तकनीक या विभाग का विरोध करना नहीं, बल्कि जनता के धन से बनने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित कराना है। विधानसभा क्षेत्र में बनने वाली प्रत्येक सड़क निर्धारित मानकों के अनुरूप, टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण बने, यही उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से उन्होंने समय रहते विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था और आगे भी गुणवत्ता के मुद्दे पर लगातार आवाज उठाते रहेंगे।

इसी क्रम में विधायक तिलक राज बेहड़ ने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान संख्या-15 रहीम कॉलोनी के यासीन, शहादत, नाजिम, इमरान सहित अन्य स्थानीय निवासियों ने लगभग 200 वर्गफुट सड़क निर्माण की मांग की,वार्ड संख्या-11 से दानिश, विपिन, विशाल शर्मा, मोहम्मद ताहिर, माखनलाल सहित अन्य स्थानीय निवासियों ने लगभग 200 से 250 मीटर सड़क निर्माण की मांग विधायक के समक्ष रखी। वहीं कच्ची कमरिया क्षेत्र के पंकज अधिकारी, मोहन सिंह रौतेला, रमेश सिंह, नीरज सिंह, सुंदर सिंह रौतेला, पान सिंह, मनोज सहित अन्य स्थानीय निवासियों ने लगभग 100 मीटर सड़क निर्माण की मांग की। विधायक ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए तथा जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.