Friday, September 4, 2026

विक्रांत बागी हत्याकांड के नामजद सिप्पी और गट्टी पर पुलिस का शिकंजा, यूपी भागने से पहले दो तमंचों व कारतूस समेत दबोचे गए

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। लालपुर में चर्चित विक्रांत बागी हत्याकांड के दो नामजद आरोपियों को रुद्रपुर पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध 315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात चौकी प्रभारी रम्पुरा उपनिरीक्षक पंकज कुमार और चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लालपुर में हुए विक्रांत बागी हत्याकांड के नामजद आरोपी सिप्पी सागर उर्फ राजीव सागर और अंकित सागर उर्फ गट्टी उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में ब्लॉक रोड से गुजरने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने ब्लॉक रोड पर घेराबंदी कर दी।

कुछ देर बाद तेज रफ्तार बाइक पर आते दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को सामने देख चालक ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। मौके पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान सिप्पी सागर के पास से 315 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस, जबकि अंकित उर्फ गट्टी के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। पुलिस जांच में दोनों तमंचे चालू हालत में पाए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि आपसी रंजिश के चलते वे अपनी सुरक्षा के लिए तमंचे रखते थे। उन्होंने यह भी बताया कि विक्रांत बागी हत्याकांड में उनका नाम सामने आने के बाद वे रात के अंधेरे में उत्तर प्रदेश भागने की तैयारी में थे। पुलिस ने बरामद हथियार और बाइक कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.