Friday, September 4, 2026

पुलिस ने ऑफिस का ताला तोड़ लाखों उड़ाने वाले शातिर चोर को 24 घंटे में किया गिरफ्तार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,हल्द्वानी। कार्यालय का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी चोरी करने वाले शातिर आरोपी को मुखानी पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई लाखों रुपये की नकदी और जरूरी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। मामले के खुलासे के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और दर्ज मामलों के शीघ्र खुलासे के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की।

जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को हिम्मतपुर तल्ला निवासी विक्रम सिंह कनवाल ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि बच्ची नगर नंबर-1 स्थित उनके कार्यालय का शटर उखाड़कर अज्ञात चोर करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी और आधार कार्ड सहित जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां सामने आईं, जिसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने 28 मई को लामाचौड़ खास क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू पुत्र डोरी लाल निवासी कालिका कॉलोनी, लोहारियासाल तल्ला, काठघरिया, हल्द्वानी के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से पीलीभीत जिले के बरखेड़ा क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई रकम में से ₹3,17,500 नकद और वादी का आधार कार्ड बरामद किया है। मामले में अतिरिक्त धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है। वहीं आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों और जनपदों से जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल रोहित और कॉन्स्टेबल पूरन सिंह शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.