Saturday, September 5, 2026

पुलिस ने 22 चोरी की बाइक के साथ 4 वाहन चोर किए गिरफ्तार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। देहरादून की विकासनगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार वाहन चोरों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 22 चोरी की टू-व्हीलर बरामद की। यह वाहन चोर देहरादून जिले और हिमाचल प्रदेश में बाइक चोरी करते थे और फिर चोरी किए गए वाहनों या उनके पार्ट्स को यूपी के सहारनपुर में बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां उन्हें जेल भेज दिया गया।

पहली घटना में, पुलिस ने दो आरोपियों, घनश्याम और दिवित कुमार, को गिरफ्तार किया। इन्हें सेलाकुई थाना पुलिस ने दबोचा और उनके पास से देहरादून के विभिन्न इलाकों से चुराए गए 11 टू-व्हीलर बरामद किए। इन वाहनों से संबंधित शिकायतें थाना सेलाकुई, राजपुर, सहसपुर और डोईवाला में दर्ज थीं। पूछताछ में घनश्याम ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति खराब थी और इसके चलते उसने वाहन चोरी की राह अपनाई। वहीं, दिवित भी काम की तलाश में देहरादून आया था, लेकिन काम न मिलने के कारण उसकी स्थिति भी खराब थी। दोनों ने मिलकर चुराए गए वाहनों को सहारनपुर में बेचने की योजना बनाई थी।

दूसरी घटना में, पुलिस ने ढालीपुर पुल से दो संदिग्ध आरोपियों, गंगेश्वर उर्फ रिशु और सुरजीत उर्फ पोम्पी, को बिना नंबर की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों से कई बाइकें चुराई थीं और उन वाहनों को कुल्हाल यमुना नदी के किनारे स्थित जंगलों में छिपा रखा था। पुलिस ने इन चोरी किए गए वाहनों को बरामद किया, जिनकी शिकायत विकासनगर कोतवाली, सहसपुर थाना और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज थी।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी थे और नशे की पूर्ति के लिए उन्होंने बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी की बाइकों को वे सस्ते दामों पर बेचते थे या उनके पार्ट्स कबाड़ियों को बेचकर मुनाफा कमाते थे। खास बात यह है कि गंगेश्वर उर्फ रिशु के बारे में जानकारी मिली कि वह पहले भी सिरमौर, हिमाचल प्रदेश में वाहन चोरी के आरोप में जेल जा चुका है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.