Saturday, September 5, 2026

समस्याएं लेकर आए लोग,समाधान लेकर चेहरे पर मुस्कान के साथ लौटे, ट्रांजिट कैंप में महापौर जनता दरबार में सैकड़ों लोगों को मिली राहत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का समाधान उनके वार्डों में ही करने के संकल्प के साथ चलाए जा रहे ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान के तहत सोमवार को ट्रांजिट कैंप स्थित श्री राधा गोविंद मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय शिविर एवं जनता दरबार का आयोजन किया गया। शिविर में जहां विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया, वहीं महापौर विकास शर्मा ने स्वयं अधिकारियों के साथ बैठकर जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना का जिला स्तरीय विशेष कैंप भी आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स पहुंचे। कैंप में 70 से अधिक लोगों ने योजना के अंतर्गत आवेदन किए, जिनमें से कई पात्र लाभार्थियों के आवेदन मौके पर ही स्वीकृत किए गए।

सुबह से ही ट्रांजिट कैंप और आसपास के वार्डों से लोगों का शिविर में पहुंचना शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, श्रमिक और स्थानीय नागरिक अपनी समस्याएं लेकर जनता दरबार पहुंचे। देर तक चले शिविर में लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। शिविर में नगर निगम, विद्युत विभाग, जल संस्थान, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग, आयुष्मान योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा सहित कई विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। यहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन और समाधान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

जनता दरबार में बिजली कनेक्शन, पेयजल आपूर्ति, हाउस टैक्स, सफाई व्यवस्था, पेंशन, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित मामले प्रमुख रूप से सामने आए। कई शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया जबकि लंबित मामलों में महापौर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

अमृत योजना का लाभ नहीं मिलने पर महापौर नाराज

जनता दरबार के दौरान कई लोगों ने अमृत योजना के तहत पेयजल सुविधा का लाभ नहीं मिलने ओर दूषित पेयजल सप्लाई की शिकायत महापौर के समक्ष रखी। शिकायत सुनकर महापौर विकास शर्मा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा शहर में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन यदि आज भी लोगों को योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जो वादा किया था उसे निभा रहे हैंरू विकास शर्मा

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से वादा किया था कि नगर निगम केवल कार्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खुद जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करेगा। ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान उसी संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक मजबूत पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में ट्रिपल इंजन सरकार जनता तक पहुंचकर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। महापौर ने कहा कि यह तीसरा जनता दरबार है और जिन वार्डों में अभी शिविर नहीं लग पाए हैं वहां भी जल्द इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रयास है कि अधिक से अधिक समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान हो और लोगों को राहत मिले।उन्होंने कहा कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के लोगों ने भी स्वीकार किया है कि पहली बार इस तरह सभी विभागों को साथ लेकर जनता दरबार उनके बीच लगाया गया है।

कागजों में नहीं धरातल पर दिखना चाहिए काम

जनता दरबार के दौरान महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अब केवल कार्यालयों में बैठकर काम करने की व्यवस्था नहीं चलेगी। अधिकारियों को जनता के बीच जाना होगा और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान करना होगा। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं का लाभ सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। जो अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम सरकार और जनता के बीच सेतु बनकर काम कर रहा है। विकास कार्य जनता की जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

शिविर में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने कहा कि ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान के तहत यह तीसरा जनता दरबार आयोजित किया गया है। इस शिविर के माध्यम से ट्रांजिट कैंप सहित आसपास के कई वार्डों को कवर किया गया है। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना का जिला स्तरीय कैंप भी इसी कार्यक्रम के अंतर्गत लगाया गया, जिसमें जिले के विभिन्न निकायों से स्ट्रीट वेंडर्स पहुंचे। जनता की ओर से जो भी समस्याएं सामने आई हैं, उन्हें संबंधित विभागों को भेज दिया गया है और उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस अवसर पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, राजू नबियाल, पार्षद पवन राणा, पार्षद विष्णु, चिराग कालरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.