Friday, September 4, 2026

बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति को जनता ने दिया करारा जवाबः कमल जिंदल

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार सफलता और स्पष्ट बहुमत मिलने पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने खुशी जाहिर करते हुए इसे राष्ट्रवाद की जीत बताया है। जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संगठन कौशल पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने का सीधा अर्थ है कि वहां अब तुष्टिकरण की जगह विकास और भय के स्थान पर सुरक्षा का राज होगा।

कमल जिंदल ने अपने बयान में कहा कि बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिस संघर्ष और बलिदान के साथ पार्टी के विचार को आगे बढ़ाया, आज यह जीत उन सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं के परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता भ्रष्टाचार, सिंडिकेट राज और कट मनी की संस्कृति से त्रस्त हो चुकी थी। चुनाव परिणामों ने साबित कर दिया है कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वाेपरि है और वह अब विकास विरोधी ताकतों को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।

जिला अध्यक्ष ने आगे कहा कि बंगाल की इस प्रचंड जीत का सकारात्मक असर उत्तराखंड सहित पूरे देश पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बंगाल ने विभाजनकारी शक्तियों को धूल चटाई है, उसी प्रकार उत्तराखंड में भी भाजपा की रीति-नीतियों को जन-जन का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भाजपा की नई सरकार बंगाल को देश का नंबर एक औद्योगिक और सांस्कृतिक राज्य बनाने की दिशा में काम करेगी। इस गौरवशाली विजय पर कमल जिंदल ने जिले के समस्त कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए आह्वान किया कि वे इसी ऊर्जा के साथ आगामी चुनौतियों और जनसेवा के कार्यों में जुट जाएं।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.