भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। पंतनगर विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र ने छात्रावास में अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगाकर खुदकुशी करने का मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर को सूचना मिली कि पंतनगर विश्वविद्यालय के छात्र ने छात्रावास में खुदकुशी कर ली। इस पर थानाध्यक्ष मय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लिया और वहां मौजूद छात्रों से जानकारी ली। मृतक का नाम नीरज पुत्र छोटेलाल निवासी कोतवाली क्षेत्र दरऊ बताया जा रहा है। छात्र 19 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक मृतक छात्र पंतनगर विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम वर्ष में कुछ समय पहले ही एडमिशन लिया था। पुलिस के मुताबिक पुलिस को शव के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें नीरज ने खुद को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है और उसने परिजनों से माफी मांगी है। छात्रावास में हुई खुदकुशी की घटना से हॉस्टल में हड़कंप मच गया। मौके पर विश्वविद्यालय प्रशासन भी पहुंच गया। सीओ पंतनगर डीआर वर्मा ने बताया कि पुलिस छात्र की खुदकुशी के कारणों की जांच कर रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन भी पहुंच गए। परिजनों के आरोपों की भी जांच की जाएगी। इधर छात्र के खुदकुशी करने के कारणों का जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन से भी नहीं मिल पा रही है।




