Friday, September 4, 2026

इस वर्ष हरेला पर्व को विश्वविद्यालय में ‘हरित यज्ञ‘ के रूप में मनाने के लिए पंतनगर विश्वविद्यालय ने संकल्प लिया

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में हरेला पर्व के अवसर पर 16 से 31 जुलाई, 2026 तक विश्वविद्यालय परिसर एवं बाह्य केन्द्रों पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण पखवाड़ा आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में कुलपति सभाकक्ष-2 में विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विश्वविद्यालय के महाविद्यालयों के सभी अधिष्ठातागण, निदेशकगण तथा विश्वविद्यालय परिसर स्थित विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

बैठक को संबोधित करते हुए कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि हरेला पर्व केवल औपचारिकता का विषय नहीं, बल्कि प्रकृति एवं धरती माता के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का पर्व है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से आह्वान किया कि सभी सदस्य व्यक्तिगत एवं संस्थागत स्तर पर इस ‘हरित यज्ञ’ में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण करना नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के माध्यम से हरित एवं स्वच्छ परिसर का निर्माण करना है। बैठक में अलग-अलग विभागों एवं संगठनों के लिए वृक्षारोपण के लक्ष्य एवं जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं।

मुख्य महाप्रबंधक (फार्म) डा. राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय फार्म क्षेत्र में सड़कों के दोनों ओर वानिकी पौधों का वृहद स्तर पर रोपण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में कृषि वानिकी कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण का कार्य आगामी माह तक पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए भारतीय स्टेट बैंक, पंतनगर शाखा द्वारा 500 ट्री-गार्ड तथा पौधों के क्रय हेतु वित्तीय सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

निदेशक प्रसार शिक्षा डा. जितेन्द्र क्वात्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय के कार्यक्षेत्र में संचालित सभी नौ कृषि विज्ञान केन्द्रों पर भी ‘हरित यज्ञ’ का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत कृषि वैज्ञानिक अंगीकृत गांवों के जनप्रतिनिधियों एवं किसानों के सहयोग से निजी एवं सार्वजनिक भूमि पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण करेंगे। निदेशक शोध डा. एस.के. वर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न शोध केन्द्रों तथा नवस्थापित शोध केन्द्रों की चारदीवारी के चारों तरफ व्यावसायिक पौधों का रोपण किया जाएगा। वहीं अधिष्ठाता, छात्र कल्याण डा. वी.सी. ध्यानी ने जानकारी दी कि विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स के सक्रिय सहयोग से विश्वविद्यालय के सभी छात्रावासों में पौधारोपण कार्य सम्पन्न किया जाएगा।

बैठक में निदेशक, प्रशासन एवं अनुश्रवण श्री बी.एस. चलाल, भारतीय स्टेट बैंक, पंतनगर शाखा की मुख्य प्रबंधक श्रीमती रश्मि मित्तल, ग्रीन अर्थ मिशन के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार गुप्ता, ग्रीन अर्थ मिशन के उपाध्यक्ष श्री गिरिजा शंकर शुक्ला, ग्रीन अर्थ मिशन के सचिव श्री तुमुल श्रीवास्तव, पंतनगर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक, कैम्पस स्कूल के प्रबंधक, बाल निलयम स्कूल की प्रधानाचार्या, पंजाब नेशनल बैंक एवं यूको बैंक के प्रबंधक, पंतनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री दीपक देउपा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन मुख्य महाप्रबंधक (फार्म) डा. राजेश प्रताप सिंह ने किया तथा अंत में सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.