भोंपूराम खबरी,पंतनगर। राज्य किसान आयोग की बैठक में गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने राज्य के किसानों हेतु उच्च गुणवत्ता के बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने बताया कि राज्य की आवश्यकता के अनुरूप बीजों की मांग से अवगत कराने पर पंतनगर विश्वविद्यालय उनकी पूरी आपूर्ति करने में सक्षम है।
उन्होंने राज्य के दोनों कृषि विश्वविद्यालयों में अधिक समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा की यहाँ के छात्र एवं वैज्ञानिक शिक्षा और शोध की जरूरतों के अनुरूप मिल कर कार्य करें तो राज्य के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने राज्य में कार्यरत समस्त वैज्ञानिक संस्थानों में अधिक तालमेल पर जोड़ दिया जिससे राज्य के विकास की दिशा पर काम बाँट कर जुटा जा सके। राज्य किसान आयोग की बैठक में राज्य के कृषि निदेशक श्री दिनेश कुमार ने कुलपति का स्वागत कर सम्मान किया। बैठक में राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष श्री अजीत चौधरी एवं सरदार सुरेन्द्र सिंह नामधारी के साथ सभी चयनित सदस्यों एवं राज्य के कृषि, उद्यान, वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की।




