Friday, September 4, 2026

ड्यूटी से लौटे पीएसी जवान की दर्दनाक मौत! बिजली के पोल पर चढ़े, करंट का झटका लगते ही नीचे गिरे, हुई मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। रुद्रपुर के बगवाड़ा क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 31वीं वाहिनी पीएसी के जवान की करंट लगने से मौत हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर वह बिजली के पोल के पास तकनीकी खराबी देखने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें तेज करंट का झटका लगा और वह नीचे गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल जवान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।

पुलिस के अनुसार, 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात 36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह रावत निवासी ग्रीन व्यू कॉलोनी, बगवाड़ा सोमवार को नियमित ड्यूटी पूरी कर घर लौटे थे। शाम के समय कॉलोनी में बिजली गुल होने पर वह पोल के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही उन्होंने बिजली लाइन के पास काम करने का प्रयास किया, अचानक करंट की चपेट में आ गए। झटके से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना के बाद ग्रीन व्यू कॉलोनी में शोक का माहौल है। वहीं, 31वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों और जवानों ने धर्मेंद्र सिंह रावत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.