Saturday, September 5, 2026

जंगल की आग की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। चमोली जिले के आदिबदरी तहसील क्षेत्र के बूंगा गांव में जंगल की आग की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नारायणबगड़ क्षेत्र में एक अन्य महिला आग में झुलस गई। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में वनाग्नि को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार बूंगा गांव के बदाढ़गाड जंगल में मंगलवार दोपहर से आग लगी हुई थी। ग्रामीण पुष्कर लाल ने बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे गांव निवासी मदन लाल की पत्नी 50 वर्षीय सुरेशी देवी गांव से करीब 200 मीटर दूर स्थित अपनी गौशाला की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेज हवा चलने के कारण जंगल की आग तेजी से फैल गई और महिला उसकी चपेट में आ गई। बताया गया कि महिला आग की लपटों में बुरी तरह घिर गई और गंभीर रूप से झुलस गई। महिला की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे आग से बाहर निकालकर घर लाए। ग्रामीण उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना रात में ही क्षेत्रीय पटवारी और वन विभाग को दे दी गई थी। बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम देर रात गांव पहुंच गई थी और मामले की जानकारी जुटाई गई। वहीं दूसरी घटना नारायणबगड़ क्षेत्र के रेस चोपता गांव में सामने आई, जहां जंगल की आग में एक महिला झुलस गई। घायल महिला कश्मीरा देवी को उपचार के लिए कर्णप्रयाग उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही जंगल की आग की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.